कटनी में सोमवार सुबह बरही पुलिस ने अवैध शिकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो जिंदा देसी ‘सुअर मार’ बम बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन बमों का इस्तेमाल जंगल में जंगली जानवरों के शिकार के लिए करने की तैयारी में था। थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि बरही क्षेत्र में लंबे समय से देसी बमों से जंगली जानवरों के शिकार की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में बरही पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिचपुरा-बरही रोड पर एक व्यक्ति विस्फोटक सामग्री लेकर आने वाला है। हनुमान मंदिर के पास घेरकर भागते युवक को दबोचा सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरही बिचपुरा रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक युवक काले रंग की टीवीएस अपाचे बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने चारों ओर से घेरकर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। युवक से दो जिंदा ‘सुअर मार’ बम और बाइक जब्त तलाशी के दौरान युवक के पास से काले रंग की पन्नी में रखे दो जिंदा देसी ‘सुअर मार’ बम मिले। ये बम सुतली और सफेद धागे से लपेटे गए थे, जिनका उपयोग जंगली जानवरों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जाता है। पुलिस ने उसकी अपाचे बाइक भी जब्त कर ली। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान हपले पारधी (20), पिता सनोवर उर्फ निरोध पारधी, निवासी छीदिया टोला, बिचपुरा, थाना बरही, जिला कटनी के रूप में बताई। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे आज माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।


