बरियों में मकर संक्रांति पर मेले का आयोजन

बरियो | बरियों ग्राम पंचायत के ग्राम बाटीडाड़ में गागर नदी के तट पर स्थित भगवान शंकर के प्राचीन मंदिर परिसर में मकर संक्रांति के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य मेला आयोजित किया गया। दूर-दूर से श्रद्धालु एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जिसमें स्थानीय विधायक उद्देश्वरी पैकरा के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय कलाकारों और बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बाटीडाड़ मेला समिति द्वारा खिचड़ी भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ अखंड रामायण पाठ और बच्चों की सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिससे मेले का धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप और भव्य बन गया। ग्राम सरपंच मोहन ने बताया कि ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयास से ही यह मेला सफल हुआ। उन्होंने ग्रामवासियों, मेला समिति और पुलिस स्टाफ के सहयोग की सराहना की। पूरे मेले में श्रद्धा, उल्लास और आपसी सहयोग का वातावरण रहा। गागर नदी तट पर यह मकर संक्रांति मेला क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *