भास्कर न्यूज | जांजगीर जिला मुख्यालय जांजगीर के प्रतिष्ठित कमला इंग्लिश मीडियम स्कूल में वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम “उड़ान” रखी गई, जो विद्यार्थियों के सपनों, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, अध्यक्ष जिला पंचायत जांजगीर-चांपा, आशा साव, सभापति जिला पंचायत, विवेका गोपाल, सांसद प्रतिनिधि जिला पंचायत जांजगीर-चांपा शामिल थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने किया। विद्यालय की प्राचार्या रेनू नामदेव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मंच संचालन एंकर जाह्नवी राठौर, क्षितिज नामदेव और सात्विकी नामदेव ने प्रभावशाली ढंग से किया, जिसे अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा। समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने “उड़ान” थीम पर आधारित नृत्य, संगीत, नाटक और देशभक्ति से जुड़ी आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। दर्शकों ने सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। इस अवसर पर शैक्षणिक, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यालय के शैक्षणिक और सांस्कृतिक प्रयासों की प्रशंसा की तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरा आयोजन सुव्यवस्थित और सफल रहा। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकगण और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


