छिंदवाड़ा शहर में युवाओं द्वारा कानून हाथ में लेने का एक और मामला सामने आया है। कुण्डीपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग इलाके में एक बर्थडे पार्टी के दौरान हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक गाने पर डांस करते हुए हाथ में खुलेआम तलवार लहरा रहा है, जबकि उसके आसपास दोस्त मौजूद हैं। इंस्टाग्राम पर सुमित मालवी की ID से पोस्ट जानकारी के मुताबिक, रामबाग क्षेत्र के एक मोहल्ले में बर्थडे पार्टी चल रही थी। पार्टी में तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे। इसी बीच युवक ने तलवार लहराई। बताया जा रहा है कि यह वीडियो इंस्टाग्राम पर ‘सुमित मालवी’ नाम की आईडी से पोस्ट किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। कोर्ट में पुलिस वाले के पास बैठकर बनाई रील इतना ही नहीं, इसी आईडी से एक और वीडियो भी सामने आया है, जो जिला न्यायालय परिसर का है। वीडियो में युवक वकीलों की बेंच पर एक पुलिसकर्मी के साथ बैठा दिखाई दे रहा है। इस वीडियो के बैकग्राउंड में ऐसा गाना लगाया गया है, जिसके बोल हैं- ‘कचहरी अपना ठिकाना है’ और ‘कोतवाली से रिश्ता पुराना है’। पुलिस की मौजूदगी में ऐसी रील बनाना चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस कर रही पहचान, होगी कार्रवाई वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है। तथ्यों की जांच के बाद संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। लगातार सामने आ रही इस तरह की रील्स ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। युवाओं का हथियार लहराना और पुलिस परिसर का दुरुपयोग करना लचर व्यवस्था की ओर इशारा कर रहा है।


