राजधानी के खरोरा में बीती रात युवकों ने बीच सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने नेशनल हाइवे पर केक काटकर बर्थडे मनाया। इस दौरान एक युवक पटाखे की लड़ हाथ में लेकर सड़क पर दौड़ता रहा। इसके चलते वहां आने जाने वाले लोग भयभीत होने लगे। इस पूरी घटना का एक वीडियो युवकों ने अपने सोशल मीडिया अकउंट पर डाला है, जो वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। खरोरा थाना इलाके में गुरुवार-शुक्रवार रात वकार नाम के युवक का जन्मदिन मनाया जा रहा था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट से वायरल हो रहे वीडियो में नेशनल हाइवे पर हुड़दंग साफ नजर आ रहा है। युवक बीच सड़क पर केक काटते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान रास्ते से गुजर रहे ट्रक वालों को देखकर हूटिंग करते भी नजर आ रहे हैं। इस वायरल वीडियो में एक युवक जानलेवा स्टंट करता नजर आ रहा है। उसके हाथों में जलती हुईं पटाखे की लड़ नजर आ रही है, जिसे लेकर वह तेजी से नेशनल हाइवे पर दौड़ रहा है। इस लापरवाही पूर्वक स्टंट से युवक की जान को भी खतरा था। इसके अलावा आसपास आगजनी की घटना भी घट सकती थी। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। हाईकोर्ट ने की थी सख्त टिप्पणी कुछ दिन पहले बिलासपुर में एनएच पर महंगी गाड़ियां खड़ी कर सड़क जाम करने के वायरल वीडियो पर हाईकोर्ट ने सख्त टिप्पणी की थी। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा ने कहा था- सड़कों पर इस तरह का उपद्रव लोगों की जान को खतरे में डालता है।


