बिरसा चौक स्थित पेट्रोल पंप पर 31 दिसंबर की रात 11.54 बजे मारुति वैन सवार 5 युवकों ने एक युवक को कुचल दिया और फरार हो गए। युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान धुर्वा लंका कॉलोनी निवासी विवेक कुमार (29) के रूप में हुई है। वह कैटरिंग का काम करते थे। विवेक के पिता फुलचंद लोहरा ने बताया कि 1 जनवरी को बेटे का जन्मदिन था। घर में बर्थडे सेलिब्रेशन की तैयारी चल रही थी। विवेक हवाई नगर से केक लेकर लौट रहा था। इसी दौरान वह स्कूटी से बिरसा चौक पेट्रोल पंप पर तेल लेने रुका। तभी पीछे से एक वैन (JH01BT 9669) वहां पहुंची। स्कूटी में हल्की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। तेल लेने के बाद विवेक स्कूटी साइड में खड़ी कर पत्नी से फोन पर बात करने लगा। इसी दौरान रात 11.56 बजे वैन सवार युवकों ने उसे बेरहमी से कुचल दिया। पेट्रोल पंप कर्मियों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर पीसीआर मौके पर पहुंची और घायल विवेक को सदर अस्पताल ले गई, जहां से रिम्स रेफर किया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पत्नी बर्थडे विश करने की तैयारी में थी, मौत की खबर मिली वीडियो कॉल पर ही पति को जन्मदिन की बधाई देने और केक काटते देखने की इच्छा रौशनी ने जताई थी। विवेक ने भी वादा किया था कि रात 12 बजे केक काटते समय वह वीडियो कॉल करेगा। रौशनी घड़ी की सुइयों पर नजर टिकाए बैठी थी। लेकिन बर्थडे विश करने से महज चार मिनट पहले ही, रात 11.56 बजे उसे वह मनहूस खबर मिली, जिसने उसकी दुनिया उजाड़ दी। फोन पर बताया गया कि विवेक अब इस दुनिया में नहीं रहा। पलभर में खुशियों का इंतजार मातम में बदल गया। विवेक के घर और लोहरदगा स्थित ससुराल में कोहराम मच गया। कडरू में पार्टी कर पेट्रोल पंप पर आए थे आरोपी पुलिस जांच में पता चला है कि मारुति वैन पुरुलिया रोड के कुम्हार टोली गली नंबर-2 निवासी आलिया जरीन के नाम पर है। 31 दिसंबर की रात जरीन का बेटे आलीस ने कडरू में रहने वाले दोस्त राजा को बताया कि उसके पिता शहर से बाहर गए हैं। वे गाड़ी से घूम सकते हैं। राजा वहां पहुंचा। वैन में तीन और युवक सवार हुए। सभी घूमने निकले। कडरू में सभी ने जमकर पार्टी की। इसके बाद वे तेल भराने बिरसा चौक पहुंचे। पेट्रोल पंप पर युवक को रौंदने के बाद सभी सीधे कुम्हार टोली पहुंचे। रात करीब 2 बजे घर के बाहर वैन खड़ी कर सभी युवक भाग निकले। पुलिस सभी आरोपियों को ढूंढ रही है। बिना बताए घर से निकले थे आलीस व राजा: आलिया जरीन के पति परवेज अख्तर सरकारी स्कूलों में ड्रेस सप्लाई करते हैं। परवेज ने दैनिक भास्कर से कहा कि गाड़ी उनकी है। 31 दिसंबर को वह घर पर नहीं थे। शहर के बाहर गए हुए थे। राजा उनके घर आया था। बेटे आलीस से गाड़ी की चाबी ली थी। बिना किसी को बताए वे घूमने निकल गए। वैन में उसके तीन दोस्त भी थे। 1 जनवरी की सुबह लोअर बाजार थाना से फोन आया कि उनकी गाड़ी से हादसा हुआ है। उन्होंने गाड़ी थाने भेज दी है। उन्होंने राजा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा है। बेटा आलीस काफी डरा हुआ है।


