अमृतसर| शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चीफ सचिव कुलवंत सिंह मन्नन ने आप नेताओं द्वारा 328 पवित्र स्वरूपों के मामले में की जा रही बेबुनियाद बयानबाजी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने उन्हें ऐसी हरकतें बंद करने की चेतावनी दी है। मन्नन ने कहा कि आप नेता बलतेज पन्नू ने एसजीपीसी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी पर झूठे आरोप लगाए हैं, जिन्हें स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि बलतेज पन्नू का यह बयान कि 328 पवित्र स्वरूपों से जुड़ी एक डायरी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान के पास है, सरासर झूठ है और संगत को गुमराह करने का काम है। मन्नन ने साफ कहा कि अगर बलतेज पन्नू के पास प्रधान धामी के पास ऐसी किसी डायरी होने का सबूत है, तो वह उसे सार्वजनिक करें अथवा इसके लिए माफी मांगें। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र स्वरूप को संगत को देने का एक प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसमें ऐसी डायरी का कोई प्रोविजन नहीं है। अगर उन्होंने भविष्य में शिरोमणि कमेटी प्रधान तथा अन्य पदाधिकारी पर झूठे आरोप लगाए तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।


