भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन में प्रधान और महासचिव पद के लिए चल रही चुनावी प्रक्रिया के तहत सोमवार को राजेश सोही को सर्वसम्मति से प्रधान और मनजीत सूद को महासचिव चुन लिया गया। 11 जनवरी को घोषित इन चुनावों के मुताबिक आज नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था। तय समय तक राजेश सोही और मनजीत सूद के मुकाबले किसी भी अन्य सदस्य ने नामांकन पत्र जमा नहीं कराया। इसके चलते दोनों को निर्विरोध क्रमशः प्रधान और महासचिव घोषित कर दिया गया। रिटर्निंग अधिकारी बालकृष्ण देवगन और राकेश दुग्गल ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि दोनों पदों के लिए कोई प्रतिद्वंद्वी मैदान में नहीं आया, इसलिए चुनाव कराने की जरूरत नहीं पड़ी। पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र दुग्गल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को फूलों के गुलदस्ते और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। गौर करने वाली बात यह है कि राजेश सोही दूसरी बार अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान बने हैं। इससे पहले भी वह दो साल तक इस पद पर रह चुके हैं। इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी बालकृष्ण देवगन ने बताया कि संगठन के कुछ सदस्यों ने इन चुनावों को लेकर स्थानीय अदालत में याचिका दायर की थी। राजेश सोही और मनजीत सूद ने भी अदालत में अपना पक्ष रखा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फिलहाल चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। अदालत के इसी आदेश के आधार पर चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई और दोनों को निर्विरोध घोषित किया गया। अधिकारियों ने साफ किया कि अगर भविष्य में अदालत इस मामले में कोई और फैसला सुनाती है, तो वह सभी पक्षों को मान्य होगा।


