बलरामपुर जिले में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 6 जनवरी 2026, मंगलवार को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा जारी किया गया है। हालांकि, शिक्षक और अन्य सभी कर्मचारी अपने-अपने विद्यालयों में निर्धारित समय पर उपस्थित रहेंगे। 10वीं और 12वीं कक्षा की छुट्टी नहीं आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश कक्षा 10वीं और 12वीं के उन विद्यार्थियों पर लागू नहीं होगा जिनकी प्रायोगिक परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे छात्र निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में शामिल होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय जिले में बढ़ती ठंड, न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट और सुबह के समय अत्यधिक गलन के कारण लिया गया है। इन परिस्थितियों में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी। कई दिनों से क्षेत्र में घना कोहरा छाया बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बलरामपुर जिले सहित रामानुजगंज क्षेत्र में पिछले कई दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो जाती है और तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ठंडी उत्तरी हवाओं के कारण दिनभर ठंड का असर बना रहता है। ठंड के इस प्रकोप से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है। शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाएं और आवश्यक होने पर उन्हें घर में ही रखें। प्रशासन स्थिति के अनुसार आगे भी निर्णय ले सकता है।


