बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के बसंतपुर स्थित एक राइस मिल से निकलने वाली गंदगी और धूल इन दिनों ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मिल से रोजाना निकलने वाला कचरा और उड़ने वाला डस्ट आसपास के आवासीय क्षेत्रों और मुख्य मार्ग पर फैल रहा है, जिससे सामान्य आवागमन में भी असुविधा हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि राइस मिल से उड़ने वाली धूल के कारण लोगों की आंखों में लगातार जलन और दर्द की शिकायतें बढ़ रही हैं। वहीं, कचरे और गंदगी का ढेर बनारस मुख्य मार्ग के किनारे जमा कर दिया गया है। हवा चलने पर यह डस्ट उड़कर लोगों की आंखों में लगती है, खासकर दोपहिया वाहन चालकों को यहां से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। समस्या का समाधान नहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई है, लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं हो पाया। ग्रामीणों का आरोप है कि मिल प्रबंधन और संबंधित विभाग इस गंभीर मुद्दे को नजरअंदाज कर रहे हैं। इस स्थिति के कारण क्षेत्र में लोगों के कई प्रकार की बीमारियों से ग्रसित होने का खतरा बढ़ गया है, जिसमें सांस संबंधी समस्याएं और संक्रमण फैलने की आशंका शामिल है। वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की मांग ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने और राइस मिल की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है। उनकी मांग है कि मिल से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए और सड़क किनारे फैली गंदगी को तुरंत हटाया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। यह मुद्दा अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चुका है। लोगों की बढ़ती नाराजगी को देखते हुए प्रशासन की कार्रवाई का ग्रामीण बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।


