यूपीएससी परीक्षा में 54.36% परीक्षार्थी अनुपस्थित:देर से आए छात्रों को नहीं मिली एंट्री; पद्मभूषण-फीफा से लेकर स्पेसएक्स तक के सवाल पूछे गए

बिलासपुर में 30 नवंबर को आयोजित यूपीएससी परीक्षा में 54.36% परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुबह 9 बजे गेट बंद होने के बाद कई केंद्रों पर देर से पहुंचे छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया। अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए बताया कि एक मिनट की देरी पर भी गेट खोलने से अव्यवस्था फैल सकती थी। हाल ही में व्यापमं द्वारा आयोजित परीक्षा में 36% परीक्षार्थी अनुपस्थित थे, लेकिन यूपीएससी का यह आंकड़ा उससे काफी अधिक है। वहीं, परीक्षा में पद्मभूषण, फीफा से लेकर स्पेसएक्स तक के कई रोचक सवाल भी पूछे गए थे। जो परीक्षा के बाद चर्चा का विषय बनी। देर से आने वालों को नहीं मिली एंट्री परीक्षा प्रभारी और डिप्टी कलेक्टर एसके कंवर ने बताया कि देर से आने वाले परीक्षार्थियों को नियमों के अनुसार प्रवेश नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों के देर आने के कई कारण हो सकते हैं, लेकिन यह उनकी अपनी जिम्मेदारी है। बिलासा गर्ल्स कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जांच की गई। प्रवेश के दौरान पुलिसकर्मियों ने ठंड से बचाव के लिए पहनी गई ऊनी टोपियां भी उतरवा दीं। यह परीक्षा यूपीएससी द्वारा असिस्टेंट फंड कमिश्नर एवं इनफोर्समेंट ऑफिसर कंबाइंड रिक्रूटमेंट टेस्ट के लिए आयोजित की गई थी। बिलासपुर में इसके लिए छह परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। कुल 2316 परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, जिनमें से 1259 अनुपस्थित रहे। केवल 1057 परीक्षार्थियों ने ही परीक्षा दी, जो कुल संख्या का लगभग 46% है। बाहर से आने वाले छात्र-छात्राओं को हुई देरी प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर उपस्थित परीक्षार्थियों की तुलना में अनुपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या अधिक दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि अनुपस्थित रहने वालों में अधिकतर बिलासपुर के बाहर से आए परीक्षार्थी थे, जिन्हें ट्रेन या बस से पहुंचने में देरी हुई होगी। देर रात तक पढ़ाई, ठंड का प्रभाव या यातायात संबंधी समस्याएं भी अनुपस्थिति के संभावित कारण हो सकते हैं। पद्मभूषण से लेकर स्पेसएक्स तक कई रोचक प्रश्न यूपीएससी की परीक्षा का समय सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक निर्धारित था, यानी दो घंटों में 240 अंकों के 120 प्रश्न हल करने के लिए। इसमें अधिकांश माडरेट थे। इसके बाद लेखा संबंधी जनरल नॉलेज और गणित के प्रश्न पूछे गए। जनरल नॉलेज के प्रश्नों में पद्मभूषण, फीफा से लेकर स्पेसएक्स तक कई प्रश्न पूछे गए। इनमें पद्म भूषण से सम्मानित जतिन गोस्वामी किस नृत्य के प्रतिपादक हैं, किस अंतरराष्ट्रीय संगठन द्वारा वर्ष 2025 में दो भारतीय सैनिकों को मरणोपरांत हैमरशील्ड मेडल प्रदान किया गया। इसी प्रकार अंतरिक्ष अन्वेषण प्रौद्योगिकी, कॉर्प को आमतौर पर स्पेसएक्स के नाम से जाना जाता है, फाल्कन स्पेसएक्स द्वारा विकसित एक अंतरिक्ष यान है, जबकि ड्रैगन, नासा द्वारा विकसित एक अंतरिक्ष यान है। 2026 फीफा पुरूष फुटबाल विश्व कप से संबंधित कौन सा कथन सही है, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2024-27 की अवधि के लिए किस क्षेत्रीय समूह के द्वारा मुद्रा विनिमय व्यवस्था की गई, रोजगार संबद्ध प्रोत्साहन (ईएलआई) योजना, ईपीएफ योजना आदि के बारे में परीक्षार्थियों की समझ और ज्ञान की परख करने वाले प्रश्न शामिल किए गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *