बलरामपुर में 2 मवेशी तस्कर पकड़ाए:एक आरोपी 4 महीने से चल रहा था फरार, दूसरा मवेशियों को झारखंड ले जाते हुए पकड़ाया

बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक फरार आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया है, जो कि मार्च 2025 से फरार चला रहा था। जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा विजयनगर थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी करते हुए एक तस्कर को अरेस्ट किया है। साथ ही 12 मवेशियों को छुड़ाया गया है। तस्कर सभी मवेशियों को झारखंड ले जा रहा था। पहला केस- रामचंद्रपुर का रामचंद्रपुर पुलिस ने झारखंड के गढ़वा जिले में रहने वाले जारत हुसैन (30) को अरेस्ट किया है। पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च 2025 को आरोपी एक पिकअप वाहन में 11 गाय-बैल और बछड़ों को बूचड़खाने ले जा रहा था। रामचंद्रपुर पुलिस ने जब वाहन का पीछा किया, तो आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। 12 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर उसे झारखंड से पकड़ा गया। जारत हुसैन पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। बलरामपुर के रघुनाथनगर थाने और झारखंड के गढ़वा जिले में डंडई और धुरकी थानों में भी उस पर मवेशी तस्करी के मामले दर्ज हैं। आरोपी अपने साथियों के साथ संगठित रूप से मवेशी तस्करी कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उस पर पशु क्रूरता अधिनियम और पशु निषेध निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। दूसरा केस- विजयनगर का विजयनगर चौकी पुलिस ने मवेशी तस्कर को गिरफ्तार किया है। दरअसल, पुलिस को 10 अगस्त को सूचना मिली कि कुछ लोग गाय-बैलों को झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विजयनगर ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बगरा जंगल में घेराबंदी की गई। शाम के समय पुलिस को तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे भागने लगे। ग्रामीणों की मदद से एक आरोपी को पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान शहाबुद्दीन अंसारी के रूप में हुई। वह झारखंड के गढ़वा जिले के थाना रांका का निवासी है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह पशुओं को तस्करी के लिए झारखंड ले जा रहा था। आरोपी के कब्जे से 12 गाय-बैल और बछड़े बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *