‘बला-बला एप’ बंद करने की मांग की, टैक्सी चालकों ने सौंपी गाड़ियों की चाबियां

भास्कर न्यूज |लुधियाना लुधियाना टैक्सी यूनियन ने डिप्टी कमिश्नर दफ्तर के बाहर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान टैक्सी चालकों ने अपनी गाड़ियों की चाबियां डिप्टी कमिश्नर को सौंपते हुए ऐलान किया कि जब तक ‘बला-बला ऐप’ बंद नहीं किया जाता, वे धरने पर बैठे रहेंगे। यूनियन के प्रधान कुणाल शर्मा ने आरोप लगाया कि जालंधर बायपास, समराला चौक और शेरपुर चौक जैसे व्यस्त इलाकों में ऐप से जुड़े वाहन सस्ते दामों पर सवारी उठाकर ले जा रहे हैं, जिससे स्थानीय टैक्सी चालकों का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। उन्होंने कहा, “हम सभी टैक्सी चालक सरकार को टैक्स देते हैं, हमारे पास पूरे परमिट हैं, इसके बावजूद अवैध तरीके से काम कर रहे ऐप ऑपरेटर हमारा रोजगार छीन रहे हैं। कुणाल शर्मा ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी आरटीए और डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर टैक्सी यूनियन को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। यूनियन प्रतिनिधियों ने बताया कि वे अपनी शिकायत लेकर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन और पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के पास पहुंचे हैं और अवैध टैक्सी संचालन पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने आरटीए कुलदीप बावा को निर्देश दिए कि अवैध रूप से चल रहे टैक्सी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और चालान काटे जाएं। वहीं पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि ट्रैफिक एसपी की ड्यूटी लगाई गई है। जिन चौकों से अवैध तरीके से सवारी उठाई जा रही है, वहां वाहनों की जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाली गाड़ियों को बाउंड किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *