बलौदाबाजार जिले के पांच निकायों से बैनर- पोस्टर हटने शुरू

बलौदाबाजार| आचार संहिता लागू होते ही शहर में नगर पालिका प्रशासन राजनैतिक दलों से जुड़े बैनर-पोस्टर उतारने में जुट गया। कलेक्ट्रेट मार्ग, जनपद चौराहा, गार्डन चौक, बस स्टैण्ड, दशहरा मैदान, अंबेडकर चौक सहित शहर के बाजारों में लगे अधिकांश नेताओं के होर्डिंग उतार दिए गए। अन्य मार्गों पर भी राजनैतिक प्रचार सामग्रियों को उतारने का काम जारी रहा। पिछले महीनेभर से शहर में चल रही विशेष राजनीतिक गतिविधियों की वजह से सड़कों के किनारे होर्डिंग, पोस्टर, बैनर और राजनीतिक दलों के झंडों की बाढ़ सी आ गई थी। तमाम राजनीतिक दलों ने दीवारों को भी रंग दिया है। सोमवार को चुनाव आचार संहिता लगने से पहले ही नगर पालिका ने कर्मचारियों की टीम गठित कर राजनैतिक दलों से जुड़े बैनर, पोस्टर उतारने का काम शुरू कर दिया। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों की तारीखों की घोषणा हो गई है। नगरीय निकाय चुनाव 11 फरवरी को एक चरण में होंगे, और मतगणना 15 फरवरी को होगी। पंचायत चुनाव तीन चरणों में 17, 20, और 23 फरवरी को कराए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया 22 जनवरी से शुरू होकर 28 जनवरी तक चलेगी। बलौदाबाजार जिले के 8 नगरीय निकायों में चुनाव की घोषणा होते ही अधिकारी बैनर हटवा रहे हैं। बलौदाबाजार, भाटापारा एवं सिमगा सहित पलारी, रोहांसी, लवन, कसडोल एवं टुण्डरा नगर पंचायतों में राजनीतिक दल से जुड़े लोग सक्रिय हो गए हैं। जिले के 8 नगरीय निकायों के 142 वार्डो में कुल 1 लाख 27 हजार 644 मतदाता शामिल है इसमें 62 हजार 81 पुरुष, 65 हजार 551 महिला सहित 12 तृतीय लिंग मतदाता शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *