बलौदाबाजार के कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर शुक्रवार को प्रशासन की टीम ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा किया। अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे के नेतृत्व में टीम ने विकासखंड पलारी के महानदी पर स्थित अमेठी घाट एनिकट का निरीक्षण किया। एनीकट में पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। हालांकि जल स्तर में कमी आई है। टीम ने मौके पर तैनात कोटवार और कांस्टेबल को सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को नदी तट पर न जाने की चेतावनी देने को कहा। अपर कलेक्टर डोंडे ने एक-एक अतिरिक्त कोटवार और कांस्टेबल की वैकल्पिक ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों में जल स्तर बढ़ रहा है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए कई पुल-पुलियों पर आवागमन बंद कर दिया गया है। विकासखंड कसडोल में टेमरी नाला, पलारी में अमेठी घाट, भाटापारा में सेमरिया घाट, सिमगा में तरपोंगा पुलिया और कुलीपोटा पुलिया में बैरिकेटिंग की गई है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम दीपक निकुंज, तहसीलदार चुम्मन ध्रुव, सहायक अधीक्षक भू अभिलेख सुरेश देवांगन, सरपंच अमेठी राजेश धृत लहरे सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।


