बलौदाबाजार में राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव की तर्ज पर चौपाटी की शुरुआत हो गई है। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सोमवार (19 जनवरी) को विधिवत पूजा-अर्चना कर इसका लोकार्पण किया। लोकार्पण के साथ ही फीता काटकर चौपाटी को आमजनों के लिए खोल दिया गया। शहर के हृदय स्थल स्वामी विवेकानंद सरोवर के किनारे नगर पालिका परिषद द्वारा इस सुंदर और आकर्षक चौपाटी को विकसित किया गया है। इसके साथ ही सरोवर का सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्य भी किए गए हैं। स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे शहरवासी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार ने सकारात्मक सोच के साथ यह चौपाटी विकसित की है, जो शहर के लिए एक उपलब्धि है। इस चौपाटी में शहरवासी मनोरंजन के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। उन्होंने चौपाटी को बहुत सुंदर बताया और इसकी सुंदरता बनाए रखने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखने पर जोर दिया। मंत्री वर्मा ने यह भी कहा कि बलौदाबाजार विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है और सरकार विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। मनोरंजन और अनेक व्यंजन होंगे उपलब्ध तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि रायपुर की तर्ज पर यह बहुत ही सुंदर चौपाटी विकसित की गई है, जहां एक ही स्थान पर मनोरंजन और अनेक व्यंजन उपलब्ध होंगे। उन्होंने बलौदाबाजार नगर के तेजी से हो रहे विकास में सभी के सहयोग की सराहना की। इससे पहले, दोनों मंत्रियों ने चौपाटी का भ्रमण कर स्टॉलों और दुकानों का अवलोकन किया और लोगों की प्रतिक्रियाएं भी जानीं। उन्होंने लोगों से चौपाटी का आनंद लेने और इसे स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने की अपील की।


