बलौदाबाजार में मुख्यमंत्री ने अटल परिसर का वर्चुअल लोकार्पण किया:वाजपेयी की 101वीं जयंती पर हुए कार्यक्रम, वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को किया याद

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में निर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया। इस दौरान बलौदा बाजार जिले के पलारी और रोहांसी नगर पंचायत में बने अटल परिसरों का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन विभाग के मंत्री सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। पलारी और रोहांसी में स्थानीय लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पलारी नगर पंचायत में यह कार्यक्रम अध्यक्ष गोपी साहू की मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। गोपी साहू ने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर नमन करते हुए देश के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। वाजपेयी के नेतृत्व में देश को नई दिशा मिली उन्होंने वाजपेयी को सादगी और विनम्रता से परिपूर्ण एक ओजस्वी वक्ता बताया, जिनके नेतृत्व में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं ने देश को नई दिशा दी। साहू ने पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से देश को वैश्विक स्तर पर सशक्त बनाने में वाजपेयी की भूमिका का भी उल्लेख किया। रोहांसी में आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष नंदेश्वर साहू ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में ही छत्तीसगढ़ राज्य का गठन संभव हुआ, जिससे वर्षों पुरानी जनआकांक्षाएं पूरी हुईं। इस अवसर पर लेख राम साहू, विपिन बिहारी वर्मा, विजय कौशले और पिंटू वर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। लोकार्पण कार्यक्रम में सीएमओ मनोज बंजारा, राजीव रंजन श्रीवास्तव, सभी पार्षदगण और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *