बसंत पंचमी पर खाटूश्याम मंदिर में भक्तों की भीड़:पीले वस्त्र और फूलों से सजा मंदिर; बाबा का अभिषेक किया

अंजड़ नगर स्थित श्री खाटूश्याम मंदिर में रविवार सुबह 4 बजे बसंत पंचमी पर्व पर विशेष पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई। कार्यक्रम देर शाम तक चला। पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगाजल, नर्मदा जल, पंचामृत और केशर जल से बाबा का अभिषेक किया। इस अवसर पर श्री खाटूश्याम बाबा का पुराना पीतांबरी वस्त्र बदलकर नया पहनाया गया। मंदिर को पीले रंग के फूलों से सजाया गया और बाबा को पीले रंग का आकर्षक बागा पहनाया गया। मंदिर में विराजमान श्री पशुपतिनाथ महादेव, श्री सलालसर बालाजी, श्रीराम एवं श्रीकृष्ण की प्रतिमाओं का भी विशेष श्रृंगार किया गया। दिनभर के कार्यक्रम में सुबह 7:30 बजे संगीतमय सुबह आरती, 10:30 बजे भोग और शाम को महाआरती का आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर भक्तजन झूमते रहे। पूरे दिन मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं को विशेष प्रसाद के रूप में बाबा के पीतांबरी वस्त्र के छोटे-छोटे टुकड़े वितरित किए गए। इस तरह बसंत पंचमी का पर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *