छिंदवाड़ा की उमरानाला चौकी अंतर्गत नागपुर मार्ग पर सिल्लेवानी घाटी में शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। सौसर से छिंदवाड़ा की ओर आ रही एक यात्री बस और सामने से आ रही जायलो वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हुए हैं, वहीं अन्य यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 19 दिसंबर 2025 को दोपहर में बस क्रमांक MH 43 BP 4248 और जायलो वाहन क्रमांक GJ 27 K 6708 के बीच टक्कर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही उमरानाला चौकी प्रभारी पारस पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल छिंदवाड़ा भेजा गया। फिलहाल दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मौके पर यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घाटी क्षेत्र में मोड़ और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।


