भास्कर न्यूज | कवर्धा बुधवार को शहर के भीतर एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। यह हादसा कवर्धा से बिलासपुर रोड़ स्थित मिनीमाता चौक के पास हुई है। स्कूटी सवार युवक राहुल पाली (21 वर्ष) निवासी कवर्धा बस के चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए लोगों ने यहां पर चक्काजाम कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी पहुंचे हुए थे। लोगों की समझाइश देकर जाम को हटाया। डीएसपी केके चन्द्राकर ने बताया कि यह हादसा करीब 1.30 बजे हुआ। मृतक राहुल पाली स्कूटी से आ रहा था। वहीं कवर्धा से डिंडोरी जा रही सफेद रंग की बस की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। वहीं बस के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के संबंध में जांच की जा रही है। चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हादसे के बाद गुस्साए लोग यहां पर दोपहर दो से तीन बजे तक बैठे हुए थे। लोगों की मांग मृतक के परिजन को आर्थिक सहायता राशि दिए जाने व पास के ही सरकारी शराब दुकान को शिफ्ट किए जाने का था।


