जशपुरनगर | कुनकुरी-तपकरा-लवाकेर ा स्टेट हाईवे पर शनिवार शाम को साजबहार गांव के पास सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में बधाटोली निवासी सुखेश्वर के दोनों पैर शरीर से अलग हो गए। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुखेश्वर अपने साथी के साथ तपकरा साप्ताहिक बाजार से बाइक पर घर लौट रहे थे। शाम करीब पांच बजे साजबहार के पास पहुंचते ही सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सुखेश्वर बाइक सहित बगल से गुजर रहे एक ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गया। इस हादसे में उसके दोनों पैर कटकर अलग हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस का इंतजार न करते हुए अपने सरकारी वाहन से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और अन्य वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों ने हाईवे पर भारी वाहनों व बसों की अत्यधिक तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की है।


