करौली कोतवाली पुलिस ने निजी लोक परिवहन बसों से अवैध वसूली और ड्राइवरों से मारपीट के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर बसों को चलाने के बदले चालकों से मासिक रकम मांगने का आरोप है। रकम न देने पर ये मारपीट करते थे और बसों के शीशे तोड़ देते थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। करौली थाना अधिकारी अध्यात्म गौतम ने बताया कि करौली के निजी बस स्टैंड क्षेत्र में लंबे समय से बस चालकों से हफ्ता वसूली की जा रही थी। हाल ही में वसूली की रकम बढ़ाने की मांग की गई। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने बसों को रुकवाकर सवारियों को उतारा और ड्राइवर-कंडक्टरों को धमकाकर भगा दिया। इसके बाद पेट्रोल पंप के पास खड़ी कई लोक परिवहन बसों पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर उनके शीशे तोड़ दिए गए। इस दौरान चालकों के साथ मारपीट भी की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी पिछले कई महीनों से नियमित रूप से अवैध वसूली कर रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की और लगातार दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि लोक परिवहन से संबंधित किसी भी प्रकार के दबाव, धमकी या अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


