चूरू में एक युवक ने बड़े भाई की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव हाईवे किनारे फेंक दिया। पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले का खुलासा करते हुए बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसने मंदबुद्धि भाई की देखभाल से परेशान होकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूली है। एसपी जय यादव ने बताया- रतननगर थाना क्षेत्र में एनएच-52 पर सिंगापुर हब के पास 21 दिसंबर को शव मिलने के तीन बाद पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया। उन्होंने बताया- मृतक की मंगलवार को शिनाख्त करवाई गई। पोस्टमॉर्टम में इस बात का खुलासा हुआ था कि मृतक की हत्या रस्सी से गला दबाकर की गई है। पुलिस ने खंगाले 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज
इसके बाद पुलिस ने हाईवे, रतननगर और बिसाऊ में 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें छोटा भाई उसके साथ नजर आया था। इसके साथ ही पता चला की छोटा भाई बदमाश प्रवत्ति का है। इस शक के आधार पर पुलिस ने मृतक के छोटे भाई अंकित मेघवाल (20) को पूछताछ के लिए बुलाया। वह पहले पुलिस को गुमराह करता रहा। बिना बताए घर से निकल जाता था बड़ा भाई
पुलिस के सख्ती से पूछताछ करने पर सामने आया कि मृतक विकास मेघवाल (25) मंदबुद्धि था, जो कई बार घर पर बिना बताए निकल जाता था। भाई की देखभाल करने में काफी परेशानी होती थी। दूसरी ओर विकास की मां भी दिव्यांग है। पिता की विदेश में पहले ही मौत हो चुकी थी। इसलिए मंदबुद्धि बड़े भाई की देखभाल से परेशान होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी अंकित मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी यादव ने बताया कि मामले में एक नाबालिग की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई, जिसको लेकर जांच की जा रही हैं। शराब पिलाकर दिया वारदात को अंजाम
एसपी जय यादव ने बताया कि 13 दिसंबर की शाम आरोपी अंकित मेघवाल अपने बडे़ भाई विकास मेघवाल को पहले बिसाउ लेकर गया। जहां उसको शराब पिलाई। इसके बाद एनएच-52 पर सूरज होटल के पास आया। जहां उसको बिना पानी मिलाए दुबारा शराब पिलाई, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। मर्डर के 8 दिन बाद मिला था शव
आरोपी शव को होटल के पीछे एक गड्ढे में डालकर ऊपर से मिट्टी डालकर चला गया। शव से बदबू आने पर 21 दिसंबर को एक चरवाही ने होटल मालिक को शव पड़ा होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम कराया। आरोपी को कुछ दिन पहले शांतिभंग ने किया था गिरफ्तार
एसपी यादव ने बताया कि आरोपी अंकित मेघवाल बदमाश प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज है। इसके अलावा बिसाऊ पुलिस ने कुछ दिन पहले उसे शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर ले गई थी। इस आधार पर शुरू से पुलिस को उस पर शक था। ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने वाली टीम में डीएसपी सुनील झाझड़िया के नेतृत्व में रतननगर थानाधिकारी रामनिवास बीडासर और टीम शामिल थी।


