बीकानेर बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को भेजा मांगपत्र बीकानेर बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने परिवहन विभाग द्वारा बस बॉडी कोड 052, 119 एवं 153 की आड़ में की जा रही कार्रवाई के विरोध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को विस्तृत मांगपत्र भेजकर 23 फरवरी से प्रदेशव्यापी चक्का जाम हड़ताल की चेतावनी दी है। एसोसिएशन अध्यक्ष समुंदर सिंह राठौड़ के नेतृत्व में प्रेषित पत्र में आरोप लगाया गया है कि 1 सितम्बर 2025 से लागू नियमों को पूर्व प्रभाव से मानते हुए 20-25 वर्ष पुरानी बसों पर भी नए प्रावधान थोपे जा रहे हैं और 1 से 1.50 लाख रुपए तक के भारी चालान किए जा रहे हैं। पत्र में कहा गया है कि वैध दस्तावेज होने के बावजूद बसों को सीज करना, आरसी निलंबित करना तथा अन्य राज्यों से आने वाली पर्यटक बसों को रोकना मोटर वाहन अधिनियम 1988 की भावना के विपरीत है। एसोसिएशन ने आरसी सरेंडर की 6 माह की शर्त हटाने, चुनाव ड्यूटी में बस किराया दरों को पड़ोसी राज्यों के समान करने, फिटनेस प्रक्रिया पूर्ववत शुरू करने तथा बस बॉडी कोड 152, 153 एवं 119 को 31 मार्च 2026 तक स्थगित करने की मांग की है। इसके अलावा स्टेज कैरिज बसों में छत पर कैरियर हटाने के आदेश पर पुनर्विचार, 12 माह में एक माह का टैक्स माफ करने और लोक परिवहन वाहनों पर रोडवेज के समान टैक्स व मॉडल कंडीशन लागू करने की मांग भी रखी गई है।


