भास्कर न्यूज | जशपुरनगर शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा जमाए बैठे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने गुरुवार को कड़ा रुख अपनाया। नगर पालिका के कर्मचारियों ने बुलडोजर और ट्रैक्टरों के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों में दबिश दी और नियम-कायदों के विपरीत स्थापित गुमटियों और ठेलों को हटाया। सबसे पहले कार्रवाई शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड से शुरू हुई। यहां सार्वजनिक प्याऊ के पास एक गुमटी अवैध रूप से बनाई जा रही थी। पालिका दस्ते ने तुरंत हस्तक्षेप कर इसे ध्वस्त किया और जप्त कर ट्रैक्टर से नगर पालिका कार्यालय भेज दिया। इस दौरान बस स्टैंड पर भारी भीड़ जमा रही, जिन्होंने इस कार्रवाई की सराहना की। बता दें कि दैनिक भास्कर ने 15 जनवरी के अंक में बस स्टैंड और शहर के अन्य हिस्सों में बढ़ते अतिक्रमण का खुलासा किया था, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। भगवान विश्वकर्मा मंदिर के पास यातायात विभाग के बूथ के बगल में अवैध गुमटी रखी गई थी। संचालक द्वारा शाम तक स्वयं इसे हटाने का लिखित आश्वासन देने पर पालिका ने कुछ घंटों की मोहलत दी। इसके अलावा रांची रोड एनईएस कॉलेज रोड इलाके में भी सड़क किनारे स्थापित अवैध गुमटी को जब्त कर कार्यालय भेजा गया।


