बेनूर| नारायणपुर जिले के ग्राम पंचायत बेनूर के बसस्टैंड चौक पर बाथरूम की सुविधा नहीं होने से दुकानदारों एवं स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बसस्टैंड क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, लेकिन शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण दुकानदारों व यात्रियों को लगभग 100 मीटर दूर मजबूरन खुले में जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। लगातार शिकायतों के बाद भी अब तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पंचायतकर्मियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बाथरूम के अभाव में महिलाओं, बुजुर्गों और यात्रियों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बसस्टैंड चौक पर शीघ्र सार्वजनिक बाथरूम का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और स्वच्छता भी सुनिश्चित हो। -राजकुमार बघेल, बेनूर


