भास्कर न्यूज | सोनहत ब्लॉक मुख्यालय सोनहत के मिनी स्टेडियम में 9 फरवरी से शुरू हो रहे श्री शिवमहापुराण कथा के भव्य आयोजन को लेकर तैयारी व्यापक स्तर पर चल रही है। ब्लॉक सोनहत में पहली बार आयोजित हो रही इस कथा को लेकर आयोजक समिति महादेव समिति ने ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों में कथा श्रवण के लिए श्रद्धालु भक्तों को आमंत्रण-पत्र वितरण का कार्य भी पूरा कर लिया है। वहीं कथा श्रवण में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति को लेकर विशालकाय डोम का निर्माण किया है। भंडारे की व्यवस्था के लिए अलग से टेंट लगा रहे हैं, जबकि यज्ञ शाला भी आकर्षक रूप में स्थानीय कलाकार नरेंद्र प्रजापति द्वारा तैयार किया जा रहा है। आयोजन व व्यवस्था महादेव सेवा समिति की संरक्षक व स्थानीय विधायक रेणुका सिंह की देखरेख व दिशा-निर्देश पर किया जा रहा है। वे कथा स्थल में व्यवस्था को लेकर जायजा लेकर समिति के लोगों को दिशा-निर्देश दे रही हैं। इधर, ब्लॉक सोनहत में पहली बार आयोजित हो रहे सार्वजनिक शिव महापुराण को लेकर गांव-गांव के श्रद्धालु भक्तों में उत्साह का माहौल है।


