रांची | रक्षाबंधन का त्योहार श्रावण माह की पूर्णिमा तिथि 9 अगस्त शनिवार को मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाई की लंबी आयु, स्वास्थ्य और सफलता की कामना कर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधेंगी। इससे पहले शुक्रवार को बाजारों में काफी चहल-पहल रही। मिठाई और राखी की दुकानों में दिन भर भीड़ लगी रही। देर रात तक लोग मिठाइयों की खरीदारी करते दिखे। मेन रोड, रातू रोड, अपर बाजार, हरमू और लालपुर चौक सहित प्रमुख बाजारों में रंग-बिरंगी राखियों की दुकानों में भी जमकर खरीदारी हुई। परंपरागत रेशम की राखियों से लेकर कलाई पर सजने वाली स्टोन व डिजाइनर राखियों की मांग अधिक थी। अपर बाजार बाबा ट्रेडिंग के सनी सिंह, गोपाल भंडार के मनीष केडिया ने बताया कि कोलकाता, दिल्ली, बनारस और रांची की खूबसूरत राखियां ग्राहकों को खूब भा रहा है। बाजार में 5 से लेकर 500 रुपए तक की राखियों की खूब बिक्री हुई। वहीं, अपर बाजार में बहनों ने खूबसूरत डिजाइन की मेहंदी लगाईं। रक्षाबंधन को लेकर अपर बाजार में मेहंदी लगवाने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। 100 से 500 रु. तक में डिजाइन के अनुसार रेट तय किए गए। राजस्थानी व मारवाड़ी मेहंदी 500 रु. , सिंगापुरी 600, जैनी 1000 रु. और गुजराती मेहंदी 1000 रुपए में लगाई गई।


