जम्मू-कश्मीर के सांबा में ट्रेन की छत पर चढ़ने के दौरान करंट लगने से फलोदी के जवान की मौत हो गई। वे सिकंदराबाद (तेलंगाना) जा रहे थे, इसी दौरान हादसा हुआ। जवान की ताऊ की लड़की की बुधवार को शादी है। ऐसे में बहन की शादी के दिन चचेरे भाई का अंतिम संस्कार होगा। जम्मू से जवान की पार्थिव देह एंबुलेंस से सड़क मार्ग से पैतृक गांव लाई जा रही है, जो बुधवार सुबह तक पहुंचेगी। जानकारी के अनुसार- जवान रामचंद्र चौधरी (24) फलोदी के श्रीकृष्णनगर के रहने वाले थे। सोमवार देर रात 8 बजे जम्मू कश्मीर के बाड़ी ब्राह्मणा स्टेशन पर वे हादसे का शिकार हो गए। हालांकि अभी ये पता नहीं चल पाया है कि जवान ट्रेन की छत पर क्यों चढ़े। फौजी धर्माराम विश्नोई ने बताया- जवान रामचंद्र सेना श्रीनगर में टेरिटोरियल आर्मी की बटालियन में तैनात था। ताऊ की बेटी की शादी को लेकर पिता से की थी बात
पिता गोपीराम ने बताया- सोमवार शाम करीब 8 बजे रामचंद्र का कॉल आया था। उसने ताऊ की बेटी की शादी को लेकर बात की थी। ताऊ की बेटी की 16 अप्रैल को शादी है। उसने बताया था कि ट्रेन में सामान लोड हो गया है। मैं सिकंदराबाद के लिए निकल रहा हूं। मैंने अधिकारियों से बात की है। अगर छुट्टी मिली तो बीच रास्ते से एक-दो दिन के लिए शादी में आ जाऊंगा, वहां से सिकंदराबाद निकल जाऊंगा। 2021 में हुई थी शादी
जवान रामचंद्र के परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, दिव्यांग भाई, बहन, पत्नी और ढाई साल की बेटी है। रामचंद्र और उसके भाई-बहन की शादी हो चुकी है। रामचंद्र की शादी साल 2021 में हुई थी। रामचंद्र एक महीने पहले ही छुट्टियां बिताकर ड्यूटी पर गए थे। जवान के निधन की सूचना के बाद ग्रामीणों ने गांव में अंतिम संस्कार की जगह की साफ-सफाई करना शुरू कर दी। जवान का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।


