गिरिडीह | पचंबा थाना क्षेत्र के माथाडीह में शनिवार सुबह 9 बजे घर खाली कराने गई महिला पर उसके दो भाइयों और भाभी ने मिलकर हमला कर दिया। 45 वर्षीय शाजीदा खातून को रड, लाठी, ईंट और पत्थर से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। परिजन उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। शाजीदा ने बताया कि उसने अपने भाइयों मो. सालिक और मो. सिकंदर को माथाडीह स्थित एक मकान में रहने के लिए जगह दी थी। वह खुद अपने परिवार के साथ दूसरे मकान में रह रही थी। परिवार बड़ा हो गया, इसलिए जगह की परेशानी होने लगी। इसी कारण वह शनिवार सुबह उस मकान में गई और भाइयों से घर खाली करने को कहा। शाजीदा के मुताबिक, इस पर दोनों भाइयों ने गाली दी और कहा कि यह घर उनका है, खाली नहीं करेंगे। जब उसने दबाव बनाया तो दोनों भाइयों और सिकंदर की पत्नी डोली खातून ने मिलकर उसे पकड़ लिया और रड, लाठी, ईंट, पत्थर से पीटा। हमले में उसका हाथ टूट गया। वह दर्द से चिल्लाते हुए जमीन पर गिर पड़ी। उसकी आवाज सुनकर परिजन दौड़े और उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। शाजीदा ने बताया कि वह इस घटना को लेकर थाने में केस दर्ज कराने जा रही है। इससे पहले भी भाई उसके साथ मारपीट कर चुके हैं।


