झारखंड-ओडिशा सीमा पर स्थित बहरागोड़ा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एनएच-49 पर खड़े एक गैस टैंकर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस लीक की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और इलाके को खाली कराते हुए बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घटनास्थल के चारों ओर NH पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। एहतियातन ओडिशा और झारखंड को जोड़ने वाले इस रास्ते को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। 300 मीटर दूर था रिलायंस पंप, ओवरब्रिज के नीचे हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, गैस टैंकर मथुरा से आ रहा था। उसे पारादीप जाना था। बहरागोड़ा के कालियाडिंगा ओवरब्रिज के नीचे एक दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में टैंकर को नुकसान पहुंचा, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। टैंकर रिलायंस पेट्रोल पंप से करीब 300 मीटर की दूरी पर खड़ा था। सुबह होते ही गैस की तेज गंध से लोग सतर्क हुए और पुलिस को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीम मौके पर गैस रिसाव की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, अंचल अधिकारी राजाराम सिंह मुंडा और प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य में फायर ब्रिगेड की टीम को भी लगाया गया है। रिसाव कितनी मात्रा में हो रहा है और यह गैस कितनी खतरनाक है, इसका आकलन करने के लिए ओडिशा के बालेश्वर से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि गैस जहरीली है या नहीं। वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने एनएच-49 पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया है। ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट किया जा रहा है। वहीं, घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर के दायरे को खाली कराया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अधिकारी लगातार मौके पर कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। गैस के रिसाव को रोकने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। स्थानीय लोग दहशत में घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों में बंद हो गए हैं और स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण रखा जा रहा है। जल्द ही गैस रिसाव को रोकने के उपाय किए जाएंगे।


