बहुभाषाविद् और उच्चशिक्षित हैं जैन मुनि आदित्य सागरजी:16 फरवरी को शोभायात्रा के साथ इंदौर के अंजनी नगर मंदिर में करेंगे प्रवेश

भोपाल से पद विहार करते हुए श्रमण संस्कृति के प्रमुख संत मुनि आदित्य सागर जी महाराज ससंघ इंदौर पधार रहे हैं। आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज के सुशिष्य मुनि श्री का 16 फरवरी को प्रातः 8 बजे मोदी जी की नसिया बड़ा गणपति पर सकल दिगंबर जैन समाज भव्य स्वागत करेगा। वहां से शोभायात्रा के साथ वे पंच बालयति पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर अंजनी नगर में प्रवेश करेंगे। वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. जैनेंद्र जैन ने बताया कि 40 वर्षीय मुनि न केवल प्रखर प्रवचनकार हैं बल्कि एक प्रभावशाली मोटिवेशनल स्पीकर भी हैं। उनके प्रवचन विशेष रूप से युवाओं को आकर्षित करते हैं। एमबीए तक शिक्षित संस्कारधानी जबलपुर में जन्मे 40 वर्षीय मुनिश्री बहुभाषा विद हैं और हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, प्राकृत, कन्नड़, अपभ्रंश, तमिल, तुरु, हाडे कन्नड़ एवं ब्राह्मी आदि भाषाओं के ज्ञाता हैं। मुनिश्री 1 वर्ष 8 माह बाद इंदौर आ रहे हैं। वर्ष 2022 में आपने इंदौर में चातुर्मास कर महिती धर्म प्रभावना की थी और उनके सानिध्य में नगर में 11 पंचकल्याणक प्रतिष्ठाएं भी संपन्न हुई थी। मुनिश्री के सान्निध्य में अभी तक 99 पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न हो चुके हैं और सौ वां पंच कल्याणक भी इस बार उनके सानिध्य में 21 से 25 फरवरी तक पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर अंजनी नगर इंदौर में होगा। आदित्य सागरजी का इंदौर प्रवास आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज का अप्रैल माह में सुमति धाम गोधा स्टेट में होने वाला विशाल एवं ऐतिहासिक पट्टाचार्य पदारोहण महोत्सव के निमित्त हुआ है। महोत्सव के अंतर्गत होने वाले समस्त कार्यक्रम उनके निर्देशन में ही संपन्न होंगे। महोत्सव में 450 से अधिक मुनि, आर्यिका एवं देशभर से हजारों श्रद्धालु आएंगे। मुनिश्री के संघ में इंदौर नगर गौरव मुनि अप्रमित सागर जी, मुनि सहज सागर जी, मुनि आराध्य सागर जी एवं क्षुल्लक श्रेयश सागर जी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *