शिमलापुरी में एक फोटोग्राफर ने बेटे के ससुराल पक्ष से परेशान होकर खुदकुशी कर ली। मृतक ने मरने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें अपनी बहू और उसके पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना वीरवार दोपहर को झुझार नगर, शिमलापुरी में हुई है। मृतक विपन कुमार (62) अपने घर की ऊपरी मंजिल पर अकेला था। जब काफी देर तक उसका कमरा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा। विपन का शव पंखे से लटका हुआ मिला। एसएचओ गगनदीप सिंह के मुताबिक मौके पर पहुंची पुलिस ने बेटे की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। पुलिस ने मौके से मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लिया, जिसमें करीब 5 मिनट का एक सुसाइड वीडियो मिला है। वीडियो में कहा-मेरी मौत की बहू जिम्मेदार वीडियो में विपन कुमार ने कहा कि बेटे गौरव की कुछ महीने पहले शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही बहू मायके चली गई। इसके बाद जब बेटा गौरव बहू को लाने गया तो बहू के पिता ने उसे धमकाकर भगा दिया। विपन के मुताबिक, जब वह खुद बेटे के साथ गए तो उन्हें भी अपमानित कर घर से निकाल दिया गया। तीसरी बार जब गौरव परिजनों के साथ बहू को लाने गया तो फिर से धमकियां देकर लौटा दिया गया। वीडियो में विपन ने कहा ‘मैं अपनी बेइज्जती से तंग आ चुका हूं, इसलिए खुदकुशी कर रहा हूं। मेरी मौत के जिम्मेदार मेरी बहू और उसका पिता है।


