भास्कर न्यूज | अमृतसर सोमवार रात करीब 8.15 बजे बांके बिहारी की गली में स्थित केके ज्वेलर्स की दुकान में 2 लुटेरे ग्राहक बनकर घुसे। दोनों ने दुकानदार से चांदी की चेन बेचने की बात कही। दुकानदार के मना करते ही एक आरोपी ने अचानक पिस्तौल निकाल ली और 2 गोलियां चला दीं। गोली चलाने वाले आरोपी के साथी ने पिस्तौल छीनते हुए कहा कि गोली नहीं चलानी थी। इसके बाद पिस्तौल लेकर साथी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इस बीच दुकानदार ने गोली चलाने वाले आरोपी को भागने से पहले ही पकड़ लिया। विजय नगर पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई हरजिंदर सिंह ने आरोपी को हिरासत में ले कार्रवाई शुरू कर दी । आरोपी की पहचान इंदिरा कॉलोनी, कोट खालसा निवासी गुरजीत सिंह हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गुरजीत सिंह पहले भी अपराधों में शामिल रहा है। चार महीने पहले इस्लामाबाद पुलिस ने उसे एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार किया था। पर्चा दर्ज करने के बाद उसे जेल भेज दिया था। वह 1 नवंबर को जमानत पर बाहर आया और दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जमानत पर बाहर आने के बाद उसने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी गुरजीत सिंह ने वारदात से पहले दुकान की 2 दिन तक रेकी की थी। उसे पता था कि दुकानदार दुकान में एक छोटे बच्चे के साथ रहता है। सोमवार शाम करीब साढ़े 7 बजे उसने एक बार फिर दुकान के बाहर से हालात का जायजा लिया। उस समय दुकान में कोई ग्राहक नहीं था और दुकानदार बच्चे के साथ अकेला बैठा था। इसी के बाद उसने अपने साथी के साथ लूट की योजना को अंजाम देने का फैसला किया और दाखिल हो गए थे।


