कटनी में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय आवाहन पर बजरंग दल ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ कथित अत्याचार, हिंसा और हत्याओं के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद का जलाया पुतला बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता स्थानीय लक्ष्मी बाई चौराहा पर एकत्रित हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए वे सुभाष चौक पहुंचे, जहां आतंकवाद के खिलाफ प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान “हिंदुओं की हत्या बंद करो, बांग्लादेश सरकार जवाब दो” और “मानवाधिकारों का सम्मान करो” जैसे नारे लगाए गए। बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाने की मांग वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है, जो मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस विषय पर संज्ञान लेने और बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाने की मांग की, ताकि वहां रहने वाले हिंदुओं की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


