बांग्लादेश में हिंसा के विरोध में बजरंग दल का प्रदर्शन:प्रतिष्ठान बंद रखकर शामिल हुए व्यापारी, गांधी चौराहे पर पुतला दहन किया

बजरंग दल और हिंदू संगठनों ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर कथित हिंसक घटनाओं के विरोध में प्रतापगढ़ के गांधी चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान बांग्लादेश की कार्यवाहक सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। प्रदर्शनकारी हिंदू संगठन नगर परिषद से नारेबाजी करते हुए गांधी चौराहे तक पहुंचे। चौराहे पर एकत्रित होकर उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शाम को मोहम्मद यूनुस के पुतले की शव यात्रा निकाली गई, जिसके बाद गांधी चौराहे पर पुतला दहन किया गया। बजरंग दल के जिला संयोजक महेश प्रताप बरोलिया ने बताया कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हुई घटनाएं ‘अत्यंत मर्माहत करने वाली और निंदनीय’ हैं। उन्होंने हिंदू समाज से एकजुट होकर इन घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। बरोलिया ने चेतावनी दी कि यदि समाज आज एकजुट होकर विरोध दर्ज नहीं कराएगा, तो भविष्य में ऐसे हालात भारत में भी देखने को मिल सकते हैं। इसी के मद्देनजर, सभी हिंदू व्यापारियों और नागरिकों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया गया था। इस आयोजन को लेकर शहर के व्यापारिक संगठनों और हिंदू समाज में व्यापक चर्चा रही। कार्यकर्ताओं ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की थी, साथ ही शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने का भी आग्रह किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *