उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में कबीर गुफा और कबीर चबूतरा दर्शन यात्रा शुरू हो गई है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने इस यात्रा के लिए 5000 श्रद्धालुओं को इजाजत दी है। कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु देश के कई राज्यों जैसे मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से हजारों श्रद्धालु ताला पहुंचे हैं। ये श्रद्धालु ताला मेन गेट से लगभग 15 किलोमीटर की पैदल चढ़ाई कर घने जंगलों के बीच स्थित कबीर गुफा और कबीर चबूतरा के दर्शन करेंगे। दरअसल, यहां मान्यता है कि संत कबीर दास ने इसी स्थान पर तपस्या की थी। रेस्क्यू टीम, वन विभाग, राजस्व अमला और पुलिस बल तैनात यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मार्ग में किला गेट और शेष शैया जैसे प्रमुख स्थानों पर बीटीआर की रेस्क्यू टीम, वन विभाग, राजस्व अमला और पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों की एक संयुक्त टीम पूरे मार्ग की निगरानी कर रही है ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अगहन पूर्णिमा पर आयोजित होने वाला यह आयोजन सालों से बांधवगढ़ की धार्मिक आस्था और परंपरा का हिस्सा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कबीर की इस तपोस्थली पर मत्था टेकने पहुंचते हैं।


