अशोकनगर जिले के शाढौरा थाना क्षेत्र में बुधवार को हुई 20 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। गुरुवार सुबह ग्वालियर आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद वे उस आईसीआईसीआई बैंक भी पहुंचे, जहां से व्यापारी ने राशि निकाली थी। आईजी ने दावा किया है कि पुलिस को कुछ अहम लीड मिली हैं और जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। बुधवार दोपहर शाढौरा के गल्ला व्यापारी नीरज साहू अशोकनगर स्थित बैंक से 20 लाख रुपए निकालकर अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से लौट रहे थे। नगऊखेड़ी गांव के पास एक बाइक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारी। तभी दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंच गए। उन्होंने कट्टे की नोक पर व्यापारी से मारपीट की और स्कूटी की डिग्गी में रखे 20 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। बैंक पहुंचकर की पूछताछ, CCTV खंगाले
आईजी सक्सेना ने बैंक प्रबंधन से बातचीत की और सीसीटीवी फुटेज सहित सभी तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि केस की जांच के लिए कुल छह टीमें बनाई गई हैं। इनमें से दो टीमें तकनीकी जांच पर काम कर रही हैं, जबकि चार टीमें अलग-अलग पॉइंट पर सुराग तलाश रही हैं। 6 थाना प्रभारियों की फौज उतारी
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने लूट के आरोपियों को पकड़ने के लिए 6 थाना प्रभारियों की एक विशेष टीम बनाई है। जल्द खुलासे का दावा
घटना के बाद से पुलिस जिलेभर में निगरानी बढ़ाकर लगातार दबिश दे रही है। आईजी ने बताया कि जांच के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिन पर आगे की कार्रवाई जारी है।


