भास्कर न्यूज | बेनूर नारायणपुर जिला मुख्यालय से करीब 21 किलोमीटर दूर ग्राम सिरपुर में स्थित वर्षों पुराना बांध इन दिनों एक बार फिर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनता नजर आ रहा है। पहाड़ों की गोद में बसे इस बांध के चारों ओर फैली हरियाली, ऊंचे-ऊंचे पेड़-पौधे और शांत वातावरण इसे बेहद मनमोहक और मनोरम बनाते हैं। दूर से देखने पर यह स्थल किसी प्राकृतिक पर्यटन स्थल से कम नहीं लगता। इस बांध की खास बात सिर्फ इसकी खूबसूरती ही नहीं, बल्कि इससे लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित वह अद्भुत धार्मिक स्थल भी है, जहां धरती के गर्भ से उत्पन्न भगवान शिव-पार्वती, गणेश, नंदी, कार्तिकेय, शेर और शिव गणों की प्राचीन प्रतिमाएं मौजूद हैं। वहीं पास ही एक स्वयंभू शिवलिंग भी विराजमान है, जो इस क्षेत्र की आस्था को और मजबूत करता है। ग्रामीणों के अनुसार यह स्थल वर्षों से आस्था का केंद्र रहा है। कुछ वर्ष पहले तक आसपास के ग्रामीण इस बांध में पिकनिक मनाने के लिए बड़ी संख्या में आते थे, लेकिन समय के साथ यह परंपरा लगभग समाप्त हो गई थी। अब लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर लोग नदी-झरनों को छोड़कर इस शांत और सुरक्षित स्थल पर पिकनिक मनाते नजर आ रहे हैं। श्रद्धालु साक्षात धरती से प्रकट शिव मंदिर में दर्शन भी कर सकते हैं।


