बांसवाड़ा पुलिस ने अंतरराज्यीय डंपर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को दबोचने में सफलता हासिल की है। जिसने राजस्थान और गुजरात के अलग-अलग इलाकों से 6 डंपर चोरी करने की वारदातें कबूली हैं। पीछा कर पकड़ा, 10 दिन की रिमांड पर आरोपी एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में सदर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपी अरशद (32) पुत्र छुट्टन खान, निवासी रायपुर (खैरथल-तिजारा), मेहु मुसलमान गैंग से जुड़ा है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 10 दिन का पीसी रिमांड हासिल किया है। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी किए गए डंपरों की बरामदगी के संबंध में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। इन वारदातों का हुआ खुलासा पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर निम्नलिखित क्षेत्रों से डंपर पार किए थे: बोरवट पेट्रोल पंप: टाटा कंपनी का डंपर (RJ 03 GE 6615) तलवाड़ा पेट्रोल पंप: यहां से भी एक डंपर चोरी किया। बिछीवाड़ा व उदयपुर: गोगुंदा हाईवे और बिछीवाड़ा से वाहन उड़ाए। गुजरात: ईडर इलाके से एक डंपर की चोरी। भीलवाड़ा: बनेड़ा से डंपर चुराकर बांसवाड़ा में खपाया। मुखबिर और तकनीक के जाल में फंसा चोर घटनाक्रम के अनुसार, 15 दिसंबर को तलवाड़ा से डंपर चोरी होने के बाद पुलिस टीम लगातार पीछा कर रही थी। बदमाश डंपर छोड़कर भागने में सफल रहे थे, लेकिन पुलिस ने मुखबिरों और साइबर सेल की मदद से आरोपी का सुराग जुटाया। आखिरकार भीलवाड़ा डीएसटी टीम के सहयोग से आरोपी को धर दबोचा गया। पुलिस टीम में ये रहे शामिल: इस कार्रवाई में सदर थानाधिकारी की टीम सहित एसआई दशरथ सिंह, हेड कांस्टेबल हरिओम सिंह (विशेष भूमिका), गजेंद्र सिंह, कांस्टेबल गौरव और भीलवाड़ा साइबर सेल के चंद्रपाल सिंह की मुख्य भूमिका रही।


