बांसवाड़ा में जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को कलेक्टर ऑफिस के सामने विरोध प्रदर्शन किया। केंद्रीय गृहमंत्री की बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी दिखाई। कांग्रेस जिला कमेटी के पदाधिकारी-कार्यकर्ता पार्टी दफ्तर से रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लिखा- बाबा साहब की विरासत और उनके नेतृत्व में बने संविधान के प्रति कांग्रेस प्रतिबद्ध है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में बाबा साहब का अपमान किया। संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित विशेष चर्चा के दौरान विपक्ष पर हमला करते हुए अमित शाह ने बाबा साहब पर अपमानजनक और निंदनीय टिप्पणी की। गृहमंत्री के रूप में यह टिप्पणी आपत्तिजनक और स्वतंत्रता संग्राम के एक महान नेता का अपमान करने वाली है। बाबा साहब ने संविधान निर्माण किया, दलित समुदाय व अन्य हाशिए के वर्गों के अधिकारों को सुरक्षित करने में अद्वितीय भूमिका निभाई। ऐसे सम्माननीय राष्ट्रीय व्यक्तित्व के प्रति अनादर अस्वीकार्य है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मांग करती है कि राष्ट्रपति अमित शाह को केंद्रीय गृहमंत्री के पद से बर्खास्त करें। साथ ही अमित शाह को निर्देश दें कि वे सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।


