केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग और भीमराव अंबेडकर के सम्मान में प्रतापगढ़ में आज जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पैदल मार्च निकाला गया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह राणावत के नेतृत्व में अंबेडकर सर्किल से मिनी सचिवालय तक निकाले गए, इस पैदल मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर संसद में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के विरुद्ध असम्मानजनक और अमर्यादित टिप्पणी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पूरे देश में लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी के तहत आज प्रतापगढ़ में कांग्रेस जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह राणावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारीयों ने पैदल मार्च निकाला। अंबेडकर सर्किल पर कांग्रेस की ओर से अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मार्च की शुरुआत की गई। मार्च में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। मिनी सचिवालय पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अमित शाह के बयान की निंदा करते हुए इस्तीफे की मांग की गई है। इस दौरान अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह राणावत ने कहा कि केंद्र में जब से मोदी की सरकार बनी है दलितों पर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं, संविधान खतरे में है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखित संविधान को बदलने की बात की जा रही है जो भारत की जनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। गृहमंत्री अमित शाह अंबेडकर के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, इसके लिए उन्हें पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।


