बांसवाड़ा में खाद की कालाबाजारी होने की आशंका बढ़ गई है। खमेरा थाना क्षेत्र के डूंगर गांव में शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों ने एक गोदाम में खाद खाली कर रहे एक ट्रक को पकड़ा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और कृषि विभाग को दी। सूचना पर कृषि पर्यवेक्षक अजयपाल और खमेरा थानाधिकारी रमेश सेन मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। थानाधिकारी रमेश सेन ने बताया- रात करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों का फोन आया था कि डूंगर गांव में खाद की एक गाड़ी रोकी गई है। मौके पर पहुंचने पर कृषि पर्यवेक्षक ने अपनी कार्रवाई शुरू कर उच्चाधिकारियों को सूचित किया। ट्रक को सुबह करीब 4 बजे थाने लाया गया। रास्ते में खाली करने से कालाबाजारी की आशंका
जानकारी के अनुसार- खाद से भरा ट्रक चित्तौड़गढ़ से नोगामा के एक व्यापारी के पास जा रहा था, लेकिन जहां के लिए यह आवंटित हुआ था, वहां न जाकर इसे रास्ते में ही डूंगर गांव के एक गोदाम में खाली किया जा रहा था। इससे खाद की कालाबाजारी की आशंका होने की ट्रक ड्राइवर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि खाद व्यापारी ने उसे रास्ते में डूंगर गांव में किसी मिलने वाले को 150 कट्टे खाद खाली करने को कहा था। ट्रक में कुल 780 कट्टे खाद भरी हुई थी, जिसमें से करीब 100 कट्टे गोदाम में खाली करवा भी दिए गए थे। लोगों ने की खाद देने की मांग
इस सूचना पर अलसुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और वे जब्त खाद उन्हें देने की मांग करने लगे। कृषि विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खाद को जब्त कर लिया। पुलिस और कृषि विभाग के अधिकारियों ने उचित कार्यवाही का आश्वासन देकर समझाइश की तो लोग शांत हुए। इस दौरान घाटोल विधानसभा से विधायक प्रत्याशी रहे अशोक भील भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कानूनी कार्यवाही करने की अपील की। सूचना पर एसडीएम मनसुख डामोर भी मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश कर मामला शांत करवाया। कृषि विभाग के इंस्पेक्टर लोकेश बुनकर ने बताया कि कानूनी कार्यवाही के लिए रिपोर्ट दे रहे हैं। इस आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्यवाही करेगी।


