बांसवाड़ा जिले में ग्रामीण विकास और रोजगार को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन ने विकसित भारत जी राम जी अभियान की शुरुआत की है। शुक्रवार को सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला कलक्टर इंद्रजीत यादव ने अभियान का रोडमैप सामने रखा। इसमें ग्रामीण परिवारों को रोजगार, पारदर्शी कामकाज, समय पर मजदूरी भुगतान और गांवों के समग्र विकास को प्राथमिकता दी गई है। ग्रामीण परिवारों को रोजगार का अधिकार
जिला कलक्टर इंद्रजीत यादव ने बताया कि रोजगार पाना हर ग्रामीण परिवार का अधिकार है। अभियान के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को साल में 125 दिन का रोजगार दिया जाएगा। काम की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी और श्रमिकों के कानूनी अधिकार सुरक्षित रखे जाएंगे। सीधे खातों में होगा मजदूरी भुगतान
कलक्टर ने कहा कि श्रमिकों को आर्थिक परेशानी न हो, इसके लिए मजदूरी का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में समय पर किया जाएगा। इससे काम करने वाले लोगों को भुगतान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। चार क्षेत्रों पर रहेगा प्रशासन का फोकस
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने चार मुख्य क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। इनमें जल सुरक्षा के तहत जल संरक्षण और प्रबंधन, ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, आजीविका सृजन के जरिए स्वरोजगार और आय बढ़ाने के काम, और आपदा प्रबंधन के तहत मौसम से जुड़ी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारी शामिल है। 13 बिंदुओं पर आधारित विकास मॉडल
जिला कलक्टर ने बताया कि अभियान के तहत 13 प्रमुख बिंदुओं पर काम किया जाएगा, ताकि गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। इस मौके पर जिला परिषद सीईओ गोपाललाल स्वर्णकार, नरेगा संयुक्त निदेशक कैलाश बारोलिया और पीआरओ कल्पना डिंडोर भी मौजूद रहे।


