बांसवाड़ा शहर के प्रताप सर्कल पर सोमवार देर शाम एक युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई। पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर हमला किया। युवक के सिर फट गया और उसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने सोने की चेन और मोबाइल के लूटने या गुम होने की शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार देर शाम की है। पीड़ित जयप्रकाश पुत्र धुलजी निवासी पानी वाला गढ़ा बांसवाड़ा प्रताप सर्कल से गुजर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित जयप्रकाश पेशे से ग्राम विकास अधिकारी है। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला किया। अचानक हुए हमले में जयप्रकाश के सिर में गंभीर चोट आई। एमजी हॉस्पिटल में कराया गया भर्ती मारपीट के बाद जयप्रकाश को लहूलुहान हालत में महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने सिर में लगे घाव पर टांके लगाए। फिलहाल पीडित का उपचार जारी है। सोने की चेन और मोबाइल गायब होने की शिकायत पीडित ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की चेन और मोबाइल गायब हो गए। पुलिस का कहना है कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि सामान लूटा गया है या घटना के दौरान कहीं गिर गया। मुकुल पाटीदार सहित 3-4 पर मामला दर्ज घटना की सूचना पर कोतवाली थाने के एएसआई गोविंद पाटीदार हॉस्पिटल पहुंचे और बयान दर्ज किए। पीड़ित ने लोधा निवासी मुकुल पाटीदार और उसके 2 से 3 साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज से जांच पुलिस प्रताप सर्कल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। आरोपियों की तलाश जारी है।


