राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को तीन दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का शुभारंभ बांसवाड़ा के श्रीगोविंद गुरु राजकीय महाविद्यालय में हुआ। प्रदर्शनी का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (डूंगरपुर) की ओर से किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी वंदे मातरम् के गौरवशाली इतिहास, इसके रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के अमूल्य योगदान और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में इस राष्ट्रीय गीत की निर्णायक भूमिका को अत्यंत रोचक और विस्तृत तरीके से मल्टी मीडिया तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत कर रही है। कॉलेज में लगाई प्रदर्शनी में कई विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर एसडीएम सोनू कुमारी, प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईड़ा, बांसवाड़ा पंचायत समिति प्रधान बलवीर रावत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण मौजूद रहे। प्रदर्शनी में आगंतुकों को मल्टी मीडिया तकनीक के जरिए राष्ट्रीय गीत की ऐतिहासिक यात्रा से अवगत कराया जा रहा है। कॉलेज के विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों में इस ऐतिहासिक और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत प्रदर्शनी को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी सभी को राष्ट्रभक्ति एवं इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय से रूबरू करवा रही है।


