बांसवाड़ा जिला परिषद के सभाकक्ष में जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव की अध्यक्षता में बजट-पूर्व संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में जिले के सर्वांगीण विकास के लिए उद्योगपतियों से लेकर खिलाड़ियों और पशुपालकों तक ने अपनी बात रखी और जिले की जरूरतों के हिसाब से ‘विजन-2026’ के लिए महत्वपूर्ण सुझाव पेश किए। फुटबॉल अकादमी और तीरंदाजी एक्सीलेंस सेंटर की मांग
संवाद के दौरान खेल जगत के प्रतिनिधियों ने बांसवाड़ा में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए फुटबॉल अकादमी, एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक और तीरंदाजी एक्सीलेंस सेंटर खोलने का सुझाव दिया। युवाओं ने मांग की कि जिले में तीरंदाजी अकादमी शुरू की जाए, जिससे वागड़ के तीरंदाज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक सकें। पशु बीमा और निशुल्क आहार का प्रस्ताव
पशुपालकों ने सुझाव दिया कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत प्रत्येक गांव में कम से कम 100 दुधारू पशुओं का बीमा अनिवार्य किया जाए। साथ ही उन्नत नस्ल की बछड़ी पैदा होने पर सरकार की ओर से निशुल्क पशु आहार उपलब्ध कराने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में पशुओं के निस्तारण के लिए भूमि आवंटन की मांग रखी गई। कृषि क्षेत्र के लिए बागीदौरा में कृषि मंडी और पॉली हाउस अनुदान में बढ़ोतरी के सुझाव आए। बिजली संकट और जीएसटी सुधार की मांग
व्यापारियों और उद्यमियों ने रीको औद्योगिक क्षेत्र (पाडला) में बिजली की समस्या को दूर करने, अनाज मंडी शुरू करने और जीएसटी संबंधी जटिलताओं में सुधार की मांग उठाई। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अनिवार्य करने का सुझाव भी दिया गया। इस बारे में जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया की बजट-पूर्व संवाद का मुख्य उद्देश्य आमजन और संगठनों के व्यावहारिक सुझावों को बजट में शामिल करना है, जिससे बांसवाड़ा के विकास को नई गति मिल सके। बैठक में ये रहे मौजूद
मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोपाललाल स्वर्णकार, अतिरिक्त सीईओ कैलाश बसेर, संयुक्त निदेशक (कृषि), सीएमएचओ और विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित प्रगतिशील किसान व उद्यमी उपस्थित रहे।


