बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ उपखंड क्षेत्र में शनिवार को एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। युवक नहाने के लिए तालाब गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सूचना पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 18 घंटे बाद रविवार सुबह शव को तालाब से बाहर निकाला गया। नहाने की बात कहकर घर से निकला था युवक पुलिस के अनुसार रामगढ़ पंचायत निवासी रूप सिंह (44) पुत्र हवजी भाभोर शनिवार दोपहर घर से यह कहकर निकला था कि वह भरतपुरा रोड स्थित वालरिया नाकी तालाब में नहाने जा रहा है। नहाते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। देर शाम तक घर नहीं लौटा, तालाब किनारे मिले कपड़े जब देर शाम तक रूप सिंह घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश के दौरान उसके कपड़े तालाब किनारे मिले, जिससे डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पाटन थाना पुलिस को सूचना दी। रात में रेस्क्यू में आई दिक्कत, सुबह सिविल डिफेंस पहुंची सूचना पर पाटन थानाधिकारी सूरजमल खराड़ी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आई। इसके बाद रविवार सुबह एसपी सुधीर जोशी के निर्देश पर जिला मुख्यालय से सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया गया। 2-3 घंटे में निकाला शव सिविल डिफेंस के प्रशांत आचार्य सहित अन्य सदस्यों की टीम ने गोताखोरों की मदद से तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 2 से 3 घंटे की मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को एम्बुलेंस की मदद से कुशलगढ़ उप जिला हॉस्पिटल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


