मेवाड़-वागड़ हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलकर अपनी मांग रखने का निर्णय लिया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि अगर पीएम से मुलाकात का समय नहीं मिलता है तो वे 25 सितंबर को पीएम के बांसवाड़ा दौरे के समय उन्हें काले झंडे दिखाकर विरोध करेंगे। पीएम से मुलाकात का समय लेने के लिए 6 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी उदयपुर आने वाले मंत्रियों से संपर्क कर पीएम से मिलने का प्रयास करेगी। पीएम से मुलाकात होने तक काली पट्टी बांधकर विरोध जारी रखेंगे। संघर्ष समिति संयोजक रमेश नंदवाना ने बताया कि 44 सालों की मांग के बावजूद जिले को हाईकोर्ट बेंच नहीं दी जा रही है। इसलिए पीएम से मुलाकात का समय मांगा गया है। समय न मिलने पर 5 हजार अधिवक्ता बांसवाड़ा जाकर पीएम को काले झंडे दिखाएंगे। दो दिन पूर्व संभागीय आयुक्त कार्यालय बाहर दिया धरना
हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर 2 दिन पहले अधिवक्ताओं ने संभागीय आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया था। रैली के रूप में कोर्ट से सैंकड़ों अधिवक्ता आयुक्त कार्यालय पहुंचे। दूसरे दिन बारिश के दौरान सुंदरकांड पाठ किया था। बार एसोसिएशन अध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट बेंच में शुरू से जनप्रतिनिधियों की भारी उदासीनता देखी गई। वे साथ देते तो बेंच जरूर मिलती।


