बांसवाड़ा के कलिंजरा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुशलगढ़ मार्ग पर बारी गांव स्थित पुलिया के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार 407 मिनी ट्रक ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। आमने-सामने भिड़े ट्रक-बाइक जानकारी के अनुसार, कुशलगढ़ तहसील के पाटी गांव निवासी तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान बांसवाड़ा की ओर से आ रहे एक मिनी ट्रक (407) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पाटी निवासी युवक दीपसन व दिलीप को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे युवक राकेश की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी कलिंजरा थाना सीआई योगेश कुमार ने बताया कि हादसा दोपहर में बारी गांव की पुलिया के पास हुआ। मृतक पाटी गांव के रहने वाले थे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शवों का पोस्टमॉर्टम मंगलवार को करवाया जाएगा। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांव पाटी में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


